उत्तराखंड पुलिस का बड़ा दावा पुलिस प्रशासन के साथ बातचीत के बाद वापस लौटे निहंग-Newsnetra
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस ने दावा किया है कि देर रात देहरादून पहुंचे निहंग श्रद्धालुओं को पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ हुई विस्तृत बातचीत के बाद वापस हिमाचल प्रदेश के पोंटा साहिब भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, रात्रि के समय कुछ निहंग श्रद्धालु पोंटा साहिब एवं अन्य मार्गों से देहरादून पहुंचे थे। मौके पर पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनसे वार्ता की। बातचीत के बाद सभी श्रद्धालुओं ने वापस लौटने पर सहमति जताई।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 1:15 बजे एक यूटिलिटी वाहन, दो कारों और एक बाइक में सवार लगभग 12-13 निहंग श्रद्धालुओं को पोंटा साहिब गुरुद्वारा की ओर रवाना किया गया।
इसके अतिरिक्त, रात 2:40 बजे रेसकोर्स गुरुद्वारे से भी लगभग 12-15 निहंग श्रद्धालुओं को उनकी दो गाड़ियों और एक बाइक के माध्यम से वापस पोंटा साहिब भेजा गया।
पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही और पुलिस-प्रशासन ने शांतिपूर्ण ढंग से स्थिति का समाधान किया।





