देहरादून में मोहर्रम जुलूस को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, कई मार्गों पर रहेगा रूट डायवर्जन, घर से निकलने से पहले देखें प्लान-Newsnetra
देहरादून। मोहर्रम के अवसर पर शुक्रवार, 26 जून 2026 को निकाले जाने वाले जुलूस को देखते हुए देहरादून ट्रैफिक पुलिस ने विशेष रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। दोपहर 2:00 बजे से जुलूस के विभिन्न मार्गों से गुजरने के दौरान कई प्रमुख सड़कों पर यातायात डायवर्ट रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जुलूस के ईसी रोड से प्रस्थान करने के दौरान ईसी रोड की ओर किसी भी प्रकार का यातायात नहीं भेजा जाएगा। इस दौरान यूकेलिप्टस चौक, बेनी बाजार और सर्वे चौक से यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। जुलूस के सर्वे चौक पार करने के बाद ईसी रोड पर यातायात सामान्य कर दिया जाएगा, जबकि सर्वे चौक से परेड ग्राउंड की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान यातायात को क्रॉस रोड और बुद्धा चौक के रास्ते भेजा जाएगा।
जुलूस के परेड ग्राउंड से रोजगार तिराहा, कॉन्वेंट तिराहा और लैन्सडॉन चौक की ओर बढ़ने के दौरान इन मार्गों पर जुलूस की दिशा में कोई भी वाहन नहीं भेजा जाएगा। इसके बाद जब जुलूस लैन्सडॉन चौक से दर्शनलाल चौक की ओर बढ़ेगा, तब सर्वे चौक का यातायात सामान्य कर दिया जाएगा, लेकिन लैन्सडॉन चौक से दर्शनलाल चौक की दिशा में वाहनों का संचालन बंद रहेगा।
इसके बाद जुलूस दर्शनलाल चौक, तहसील चौक और इनामुल्ला बिल्डिंग की ओर जाएगा। इस दौरान जुलूस के पीछे किसी भी प्रकार का यातायात नहीं चलने दिया जाएगा। वाहनों को दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक, दून चौक और द्रोण होटल कट के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। जुलूस के इनामुल्ला बिल्डिंग पहुंचकर समाप्त होने के बाद पूरे शहर में यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।
विक्रम और सिटी बसों का डायवर्जन
मोहर्रम जुलूस के दौरान सार्वजनिक परिवहन के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।
- 3 नंबर विक्रम को रेसकोर्स चौक से वापस पीएनबी तिराहा और आराघर टी-जंक्शन की ओर भेजा जाएगा।
- 5 और 8 नंबर विक्रम रेलवे गेट से ही वापस लौटेंगे।
- 2 नंबर विक्रम, सिटी बसें और अन्य व्यावसायिक वाहन सहस्त्रधारा क्रॉसिंग से डायवर्ट किए जाएंगे।
- प्रेमनगर और कैंट से आने वाले विक्रम बिंदाल पुल से वापस भेजे जाएंगे।
देहरादून ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोहर्रम जुलूस के दौरान जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।





