अल्मोड़ा में बड़ा सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरी कार, 4 की दर्दनाक मौत-Newsnetra
अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा विकासखंड में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चायखान-बेगानिया मोटर मार्ग पर बलिया के समीप हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 2:15 बजे मारुति ऑल्टो कार (यूके 04 जेड 5819) चायखान-बेगानिया मार्ग पर सवारियों को लेकर जा रही थी। बलिया के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में चालक समेत छह लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को सूचना देने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य राहत दल मौके पर पहुंचे। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया है
पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों और घायलों की शिनाख्त एवं उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है




