देहरादून में युवक पर तलवार-खुखरी से जानलेवा हमला, 10-15 हमलावरों पर मुकदमा-Newsnetra
देहरादून के डालनवाला में एक युवक पर तलवार, खुखरी, लाठी और बेसबॉल के डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। वहीं, कोतवाली डालनवाला पुलिस ने रिस्पना नदी ब्लॉक-2 निवासी प्रतीक कोरी की शिकायत पर संगम चौहान, रोहित त्यागी उर्फ खान, बबुवा तथा 10 से 15 अज्ञात युवकों के खिलाफ जानलेवा हमला, लूटपाट और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घायल को पहले उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उसका एमआरआई, सीटी स्कैन और एक्स-रे कराया गया। चिकित्सकों ने उसे करीब एक महीने तक आराम करने की सलाह दी है।
कोतवाली डालनवाला पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।





