आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मंत्री रेखा आर्या का निर्देश, BLO ड्यूटी के साथ रोज़ 1 घंटा केंद्र पर करें विभागीय काम-Newsnetra
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने एसआईआर के कार्य के कारण विभागीय कामकाज प्रभावित होने पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बीएलओ के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अपने आंगनबाड़ी केंद्र पर विभागीय कार्यों का भी निस्तारण करें, ताकि योजनाओं के संचालन और ऑनलाइन डाटा फीडिंग में कोई बाधा न आए।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 438 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 2,773 सहायिकाओं के रिक्त पदों पर अगस्त माह के अंत तक नियुक्तियां पूरी कर ली जाएंगी, जिसके बाद प्रदेश में इन दोनों श्रेणियों के सभी पद भर जाएंगे
मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के आधार कार्ड और अपार आईडी कम संख्या में बनने पर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से जुड़े सभी जिला प्रोबेशन अधिकारियों को निर्देश दिए कि जुलाई के अंत तक सभी बच्चों के आधार कार्ड और अपार आईडी बनाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।




