मसूरी घूमने गया परिवार, पीछे से सूने मकान का ताला तोड़ ले उड़े जेवर और विदेशी करेंसी-Newsnetra
थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के बद्री विहार में परिवार के मसूरी घूमने जाने का फायदा उठाकर चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बना लिया। अज्ञात चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस गए और अलमारी में रखे जेवर, विदेशी मुद्रा तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। पीड़िता सीता कुकरेती की तहरीर पर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, सीता कुकरेती पत्नी मूर्तिराम कुकरेती बद्री विहार लेन नंबर-1, भंडारी चौक के निकट रहती हैं। उन्होंने बताया कि 28 जून 2026 को वह अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर मसूरी घूमने गई थीं। इस दौरान मकान पूरी तरह बंद था।
चार जुलाई की सुबह करीब 11 बजे जब परिवार वापस घर लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर जाने पर सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का सामान भी अस्त-व्यस्त था। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर, विदेशी करेंसी और अन्य कीमती सामान गायब था।
पीड़िता ने आशंका जताई कि अज्ञात चोर बंद मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने पुलिस से चोरी गए सामान की सूची अलग से उपलब्ध कराने की बात भी कही है।
तहरीर के आधार पर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और क्षेत्र में संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। साथ ही चोरी गए सामान और आरोपियों का सुराग जुटाने के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि वे लंबे समय के लिए घर से बाहर जा रहे हों तो पड़ोसियों या परिचितों को इसकी जानकारी दें और घर की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम करें। साथ ही आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके