देहरादून: UKSSSC पेपर लीक मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी हाकम सिंह की ₹63 लाख की संपत्ति अटैच-Newsnetra
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हाकम सिंह की लगभग 63 लाख रुपये मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच कर लिया है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की गई है।
ईडी की जांच में सामने आया है कि हाकम सिंह ने स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा और वीपीडीओ (VPDO) भर्ती परीक्षा सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के अभ्यर्थियों से कथित तौर पर करीब एक करोड़ रुपये वसूले थे।
जांच एजेंसी के अनुसार, मामले की पड़ताल के दौरान परीक्षा आयोजित करने वाली RMS Tech Solutions के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की कथित संलिप्तता भी सामने आई है। ईडी अब इस पूरे प्रकरण में मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
यह कार्रवाई उत्तराखंड के बहुचर्चित भर्ती घोटाले की जांच में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क, अवैध धन के प्रवाह और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं।





