हरिद्वार में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करेंगे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, चरण वंदन कर करेंगे शिवभक्तों का भव्य स्वागत-Newsnetra
हरिद्वार में कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है। लाखों की संख्या में शिव भक्त जलभरकर लौट चुके हैं। वहीं, श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला अभी जारी है। इसी बीच सीएम धामी भी कांवड़ यात्रियों के बीच पहुंचेंगे।
शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरिद्वार पहुंचकर मंगलवार को होने वाले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री हरिद्वार पहुंचकर शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा करेंगे और चरण वंदन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य देशभर से आने वाले शिवभक्तों का सम्मान करना और उन्हें सुरक्षित व सुगम यात्रा का अनुभव कराना है।
कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और अन्य धार्मिक आयोजनों में आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, मेला प्रशासन और सभी विभाग कार्यक्रम की तैयारियों में पूरी तरह जुटे हुए हैं।
मंगलवार को होने वाला पुष्पवर्षा और चरण वंदन कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा, जिसमें शिवभक्तों का भव्य स्वागत किया जाएगा और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं





