उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, सात जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; हरिद्वार में कल स्कूल बंद-Newsnetra
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है।
वहीं, राज्य के सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर आने की संभावना है। मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने भी एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
हरिद्वार में शनिवार को स्कूल बंद
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए हरिद्वार जिले में शनिवार को सभी स्कूल बंद रहेंगे। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
आदेश के अनुसार जिले के सरकारी एवं गैर-सरकारी स्कूलों के साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने और भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से यात्रा न करने की अपील की है। नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की भी सलाह दी गई है।





