रुद्रप्रयाग के बैनोली गांव में साधु की हत्या से सनसनी, खेत में मिला मंदिर के अर्चक का शव; एक आरोपी गिरफ्तार-Newsnetra
जखोली ब्लॉक के अंतर्गत बैनोली गांव में एक साधु की हत्या का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गांव स्थित गुणखेश्वर मंदिर के अर्चक महात्मा का शव खेत में मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

ग्राम प्रधान बैनोली सूर्यप्रकाश नौटियाल ने बताया कि गांव की कुछ महिलाओं ने खेत में मंदिर के अर्चक महात्मा का शव पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों की ओर से घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
डीएसपी विकास पुंडीर ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर अगस्त्यमुनि और रुद्रप्रयाग से पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने शव बरामद कर मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
घटना के बाद से गांव में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।







