उत्तराखंड: गजब कलयुग आ गया भई! स्कूल के लिए निकली नाबालिग, सोशल मीडिया दोस्त के साथ पहुंच गई नोएडा! आरोपी युवक गिरफ्तार-Newsnetra
उत्तराखंड: गजब हो रहा है भई! ये कैसा सोशल मीडिया का कलयुग आ गया? घर से स्कूल के निकली नाबालिक लड़की ,यूपी सीतापुर के लड़के के साथ भागकर पहुंच गई सीधे नोएडा! सोशल मीडिया से हुई थी दोस्ती! ये सोशल मीडिया न जाने आगे क्या क्या गुल खिलाएगा?
सोशल मीडिया पर बनी पहचान कब नाबालिग बालिका के लिए मुसीबत बन गई, इसका अंदाजा परिजनों को तब हुआ जब वह विद्यालय जाने के लिए घर से निकली और देर शाम तक वापस नहीं लौटी। चिंता में डूबे परिजनों ने संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
मामला पुलिस तक पहुंचा तो सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों ने जांच की दिशा बदल दी। पुलिस को पता चला कि बालिका की सोशल मीडिया के जरिये एक युवक से पहचान हुई थी। जांच आगे बढ़ी तो उसकी लोकेशन नोएडा में मिली। पौड़ी पुलिस ने वहां दबिश देकर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया और उसे बहला-फुसलाकर साथ ले जाने के आरोप में 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पौड़ी तहसील क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने दो सितंबर को राजस्व पुलिस चौकी पैडल्स्यू में तहरीर दी। बताया कि उनकी नाबालिग बेटी एक सितंबर की सुबह विद्यालय जाने के लिए घर से निकली थी। देर शाम तक उसके वापस नहीं लौटने पर स्वजन परेशान हो गए। उन्होंने आसपास के क्षेत्रों और संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश की, लेकिन बालिका का कहीं पता नहीं चला। इसके बाद राजस्व पुलिस चौकी पैडल्स्यू में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
राजस्व से नियमित पुलिस को मिली जांच
मामला राजस्व क्षेत्र से संबंधित होने के कारण उच्चाधिकारियों के निर्देश पर इसकी विवेचना नियमित पुलिस को स्थानांतरित की गई। नाबालिग की बरामदगी को प्राथमिकता देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के निर्देश दिए।
जांच के दौरान पुलिस टीम को जानकारी मिली कि नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोपित नोएडा में है। इसके बाद टीम नोएडा पहुंची और नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपित युवक को भी गिरफ्तार कर लिया।
सीतापुर का रहने वाला है आरोपी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित की पहचान सुशील यादव (25), निवासी देहलारा, थाना मिस्रिक, जिला सीतापुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद करने के साथ आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपित को बुधवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।





