कुंभ और विधानसभा चुनाव को लेकर इंटेलीजेंस अलर्ट, 24 घंटे सोशल मीडिया निगरानी के निर्देश-Newsnetra
आगामी कुंभ और विधानसभा की सुरक्षा के लिए इंटेलीजेंस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। डीजीपी दीपम सेठ की अध्यक्षता में हुई इंटेलीजेंस के अधिकारियों की बैठक में राज्य में सुरक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर विचार विमर्श कर दिशा निर्देश दिए गए। विधानसभा चुनावों के मद्देनजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सुरक्षा को भी सुदृढ़ किया जाएगा। इसके अलावा धार्मिक और सरकारी आयोजनों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे सोशल मीडिया पर निगरानी करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।
बैठक में अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से सटे जिलों में संदिग्ध गतिविधियों, सीमा पार से घुसपैठ और राष्ट्र विरोधी तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने पर विचार किया गया। इसके लिए आईटीबीपी, एसएसबी, सेना, आईबी और राज्य पुलिस व एटीएस के अधिकारियों की उच्च स्तरीय इंटर एजेंसी को-ऑर्डिनेशन बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। राज्य में लगातार बढ़ रही पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या और वर्तमान में गतिमान चारधाम यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए। आगामी कुंभ मेला और अन्य प्रमुख धार्मिक आयोजनों के निर्बाध व सकुशल संचालन के लिए ठोस सुरक्षा कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।
बैठक में डीजीपी ने कहा कि मौजूदा वक्त में सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें बेहद संवेदनशील मुद्दा है। खासकर कुंभ और चुनाव जैसे आयोजनों में यह और भी संवेदनशील हो जाता है। ऐसे में इंटेलीजेंस इन खबरों और पोस्ट आदि पर लगातार नजर बनाए रखे। इसके बाद एक फैक्ट चेक व्यवस्था लागू की जाए। ताकि, लोगों को समय रहते सच्चाई का पता चले और स्थितियों को काबू में रखा जाए।








