आईटीबीपी जवान पंकज कठैत का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, मां और पत्नी हुईं बेहोश-Newsnetra
आइटीबीपी के जवान पंकज सिंह कठैत (37 ) पुत्र कुंवर सिंह कठैत का हृदयाघात से गत सोमवार को निधन हो गया था। पंकज कठैत का तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर सेना के वाहन से सोमवार सुबह आठ बजे नोएडा से पैतृक गांव नगली लाया गया।
जैसे ही तिरंगे में लिपटा उनका पार्थिव शरीर उनके घर के आंगन में पहुंचा तो घर में कोहराम मच गया। सभी परिवारजन विलख विलख कर रोने लगे। मां शोभा देवी और पत्नी संतोषी देवी बेहोश हो गई। बड़ी मुश्किल से लोगों ने दोनों को संभाला।
अंतिम दर्शन के लिए सैकड़ों क्षेत्रवासियों की भीड़ उमड़ पड़ी। वाहन से करीब 20 कीमी का सफर तय करके गांव से अंतिम यात्रा सिमली घाट पहुंची। गौचर से आए प्लाटूनकमांडर दर्शन लाल के नेतृत्व में आइटीबीपी के जवानों की टुकड़ी ने दिवंगत पंकज को हथियार उल्टे करके शोक व्यक्त किया। शोक धुन का वादन कर व हवा में गोलियां दाग़कर शहीद को अंतिम विदाई दी। क्षेत्रीय विधायक अनिल नौटियाल ने भी पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देकर शोक व्यक्त किया। शहीद के छोटे भाई नीरज ने पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी।







