लक्सर में सड़क पर मिला 28 वर्षीय युवक का शव, शरीर पर चोट के निशान; एक हिरासत में-Newsnetra
लक्सर। हरिद्वार जिले के लक्सर में रविवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव सड़क पर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान सोसायटी मार्ग निवासी अमित कुमार (28) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक नशे का आदी था। पुलिस को उसके शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे कुछ लोगों ने अमित कुमार का कुछ युवकों के साथ झगड़ा होते देखा था। घटना के बाद रविवार सुबह उसका शव सड़क पर मिलने से मामला संदिग्ध हो गया।
पुलिस ने मामले की जांच के तहत एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ ही मौत के कारणों और रात में हुए विवाद की पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।








