डोडीताल को पर्यटन सर्किट में शामिल किए जाने पर मंदिर समिति ने विधायक सुरेश सिंह चौहान का जताया आभार-Newsnetra
उत्तरकाशी। डोडीताल मंदिर समिति, अस्सी गंगा घाटी, उत्तरकाशी के सम्मानित शिष्टमंडल ने आज माननीय विधायक श्री सुरेश सिंह चौहान से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने डोडीताल को आधिकारिक रूप से “पर्यटन सर्किट” में शामिल किए जाने की घोषणा पर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी, माननीय कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज जी, माननीय कैबिनेट मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा जी एवं माननीय विधायक श्री सुरेश सिंह चौहान जी का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि डोडीताल धार्मिक आस्था, प्राकृतिक सौंदर्य एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की दृष्टि से उत्तरकाशी की महत्वपूर्ण पहचान है। डोडीताल को पर्यटन सर्किट से जोड़ने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय व्यवसायियों को इसका लाभ मिलेगा।
विधायक श्री सुरेश सिंह चौहान ने कहा कि डोडीताल को पर्यटन सर्किट में शामिल किया जाना अस्सी गंगा घाटी के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इससे क्षेत्र की प्राकृतिक एवं धार्मिक पहचान को व्यापक स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों की आर्थिकी को मजबूत करने की दिशा में भी सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ना और आवश्यक सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता में रहना चाहिए।
इस अवसर पर डोडीताल मंदिर समिति, अस्सी गंगा घाटी के अध्यक्ष श्री बलदेव राणा जी, पूर्व अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र पंवार जी, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि श्री राजेश रावत जी, पूर्व प्रधान श्री महादेव रावत जी, श्री देवेन्द्र रावत जी एवं श्री अनिल रावत जी उपस्थित रहे।








