देवप्रयाग संगम पर फिर हादसा: नहाते समय पैर फिसलने से 22 वर्षीय युवक गंगा में बहा, SDRF-पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी-Newsnetra
देवप्रयाग संगम तट पर एक बार फिर हादसा हो गया। अपने दोस्तों के साथ घूमने आया युवक पैर फिसलने से नदी के तेज बहाव में बह गया।
जानकारी के अनुसार, जयपुर राजस्थान के घटवारडा चंदवाजी निवासी राघव शर्मा(22) पुत्र मुरारी लाल शर्मा अपने दोस्तों के साथ देवप्रयाग संगम पर स्नान कर रहा था। इसी दौरान संगम पर नहाते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह नदी की तेज धारा में बह गया। युवक को बहता देखकर संगम पर तैनात जल पुलिस के जवान पुष्कर ने तुरंत जान जोखिम में डालकर नदी में छलांग लगा दी, लेकिन नदी का तेज बहाव होने के कारण युवक को पकड़ा नही जा सका और वह गंगा नदी में डूब गया। जबकि पुलिस का जवान करीब 100 मीटर तक युवक को पकड़ने की कोशिश करता रहा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मामले की जानकारी देते हुए कोतवाल प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि युवक अपने दोस्त के साथ आया हुआ था। गंगा नदी में डूबे युवक की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। एसडीआरएफ और पुलिस के जवान नदी के दोनों किनारों व सभी संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चलाकर खोजबीन में जुटे हुए हैं।








