देहरादून में 8-9 अक्टूबर को लगेगा सेब महोत्सव 3.0, हर्षिल-चकराता के ए-ग्रेड सेब और पहाड़ी कीवी होंगे खास आकर्षण-Newsnetra
राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के सहयोग से आठ और नौ अक्तूबर को आईटी पार्क स्थित क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में सेब महोत्सव 3.0 का आयोजन होगा। महोत्सव का उद्घाटन मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन करेंगे। नाबार्ड अधिकारियों के मुताबिक सेब महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य नाबार्ड द्वारा समर्थित विकास परियोजनाओं से जुड़े किसानों, कृषक उत्पादक संगठनों को अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए प्रभावी विपणन मंच उपलब्ध कराना है।
महोत्सव में ताजी सब्जियां, देशी घी, जैविक सरसों तेल, जैविक गुड़, जैविक दालें, हिमालयी शहद एवं अन्य प्राकृतिक उत्पाद भी उपलब्ध रहेंगे। इसके अतिरिक्त उत्तराखंड के भौगोलिक संकेतक उत्पादों, ऐपण कला, ताम्र शिल्प, रिंगाल हस्तशिल्प सहित अन्य पारंपरिक एवं हस्तशिल्प उत्पादों का भी प्रदर्शन किया जाएगा। दो दिवसीय महोत्सव सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा






