सनेह पट्टी के कोटड़ीढांग में सोमवार को गुलदार के हमले में महिला की मौत के बाद क्षेत्र में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने शव नहीं उठने दिया और गुलदार को मारने के आदेश जारी होने की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार गुलदार के हमले हो रहे हैं लेकिन विभागीय स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों के आक्रोश और घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रमुख वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक ने हमलावर गुलदार को मारने की अनुमति जारी कर दी। इसके बाद ग्रामीणों ने महिला का शव उठने दिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पीसीसीएफ ने जारी किए आदेश
महिला की मौत के बाद प्रमुख वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक नीना ग्रेवाल ने सोमवार को ही आदेश जारी कर कोटड़ीढांग, सनेह और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सक्रिय हमलावर गुलदार को मारने की अनुमति दे दी। आदेश में कहा गया है कि गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे और ट्रैंकुलाइज करने के प्रयास किए गए लेकिन सफलता नहीं मिली। लगातार हो रही घटनाओं और मानव जीवन पर गंभीर खतरे को देखते हुए अंतिम विकल्प के रूप में गुलदार को मारने की अनुमति दी जा रही है। इसके लिए नरेंद्रनगर (जनपद टिहरी गढ़वाल) के शूटर भीम सिंह को नामित किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि गुलदार को पकड़ने के सभी प्रयास किए जाएंगे। क्षेत्र में कैमरा ट्रैप और सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी। गुलदार को पकड़ने के प्रयास असफल रहने पर ही अंतिम विकल्प के रूप में उसे मारने की कार्रवाई की जाएगी। यह अनुमति आदेश जारी होने की तिथि से 15 दिन तक प्रभावी रहेगा।
कई जनप्रतिनिधि भी पहुंचे मौके पर
घटना के बाद विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, मेयर शैलेंद्र सिंह रावत, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, पूर्व जिलाध्यक्ष बीरेंद्र सिंह रावत और कृषि उत्पादन मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष सुमन कोटनाला समेत कई पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी लेने के साथ ही ग्रामीणों से बातचीत की। वहीं, महिला की मौत के बाद पूरे सनेह क्षेत्र में गुलदार की दहशत बनी हुई है







