राजकीय महाविद्यालय कमांद में सेवा संकल्प अभियान के तहत भाषण और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित-Newsnetra
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भाषण एवं रंगोली प्रतियोगिताएँ आयोजित
कमांद, टिहरी गढ़वाल, 10 अक्टूबर 2026। राजकीय महाविद्यालय कमांद में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकसित भारत @2047 की परिकल्पना को केंद्र में रखते हुए भाषण एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. गौरी सेवक के दिशा-निर्देशन में तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बीना रानी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका से परिचित कराना रहा।

भाषण प्रतियोगिता का विषय “केंद्र एवं राज्य सरकार के विकास कार्य एवं उपलब्धियाँ” रहा। प्रतिभागियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में मीनाक्षी (प्रथम सेमेस्टर) ने प्रथम, दीपिका (तृतीय सेमेस्टर) ने द्वितीय तथा सचिन लाल (पंचम सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
रंगोली प्रतियोगिता की विषयवस्तु “सेवा के रंग, राष्ट्र के संग—केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों का प्रदर्शन” रही। प्रतियोगिता में चार समूहों ने प्रतिभाग किया। दीपिका के समूह ने प्रथम, सलोनी के समूह ने द्वितीय तथा अमीषा एवं साक्षी के समूहों ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने रंगों और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी उपलब्धियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर डॉ. शेफाली शुक्ला, डॉ. दीपक राणा, श्री देवेश चंद्र योग प्रशिक्षक – आदि – प्राध्यापकगण सहित श्री केदारनाथ भट्ट, श्री सोहन सिंह रावत, श्री सत्येंद्र डोभाल, श्री दिनेश, श्रीमती प्रभा देवी, श्री संजय बधानी एवं अंकित कुमार उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों और प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें सामाजिक सरोकारों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में सरकारी विकास योजनाओं के प्रति जागरूकता, रचनात्मक अभिव्यक्ति, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जागरूक, संवेदनशील और सक्रिय युवा ही विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।







