देहरादून में दून मेडिकल कॉलेज और देवभूमि यूनिवर्सिटी के मेस सील, जांच में मिलीं गंभीर खामियां-Newsnetra
खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने दून मेडिकल कॉलेज और देवभूमि विवि के मेस सील कर दिए हैं। निरीक्षण के दौरान दोनों संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं मिलीं। सुधार होने तक मेस और कैफेटेरिया का संचालन बंद रहेगा। दून मेडिकल कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल के स्टोर में कॉकरोच भी पाए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, देहरादून और विकासनगर क्षेत्र में औचक निरीक्षण के दौरान दोनों संस्थानों के भोजनालयों में कई खामियां मिलीं। जांच के लिए खाद्य पदार्थों के 10 नमूने लेकर राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

दून मेडिकल कॉलेज के मेस में मिले कॉकरोच
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना के नेतृत्व में टीम ने दून मेडिकल कॉलेज के बॉयज मेस, गर्ल्स मेस और कैफेटेरिया का निरीक्षण किया। जांच में कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, पानी की जांच रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले। गर्ल्स हॉस्टल के मेस के स्टोररूम में जंग लगी अलमारियां और जीवित कॉकरोच पाए गए। खिड़कियों और किचन के दरवाजों पर जाली भी नहीं थी। मेस में कैटरर का वैध खाद्य लाइसेंस भी उपलब्ध नहीं मिला। टीम ने खुली हल्दी, दही, तैयार छोले, दाल और डिलिशियस फैट स्प्रेड के नमूने लिए। कैफेटेरिया में भी मेडिकल फिटनेस और पानी की जांच रिपोर्ट नहीं मिली।
देवभूमि यूनिवर्सिटी के किचन में भी अनियमितताएं
विकासनगर क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी की टीम ने देवभूमि यूनिवर्सिटी के किचन का निरीक्षण किया। यहां खाद्य लाइसेंस, कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। टीम ने दाल मखनी मसाला, राजमा मसाला, तैयार अरहर दाल और पालक-आलू की सब्जी के नमूने लिए। नंदा की चौकी स्थित एक प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना भी लिया गया। दोनों जगहों से नमूने भी लिए गए हैं जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है







