‘हमारे मामा टीटी हैं’ कहकर यात्रियों से ठगी, GRP ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार-Newsnetra
कंफर्म रेलवे टिकट दिलाने का देते थे झांसा, 25 हजार रुपये और मोबाइल बरामद; 50 हजार की रकम फ्रीज कराई
रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को कंफर्म टिकट दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने खुलासा किया है। आरोपी यात्रियों से कहते थे कि उनके मामा टीटी हैं और वे आसानी से कंफर्म टिकट दिलवा सकते हैं। इस बहाने यात्रियों को विश्वास में लेकर उनसे पैसे ठग लिए जाते थे। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से पश्चिम बंगाल के दो यात्रियों से ठगी गई रकम में से 25 हजार रुपये और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इसके अलावा ठगी से संबंधित 50 हजार रुपये की रकम फ्रीज कराई गई है।
पांच आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ, सुमित, कृष्ण कुमार, जितेंद्र चौधरी और बंटी कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम को मिला इनाम
मामले का खुलासा करने वाली जीआरपी टीम की कार्रवाई पर एसपी अरुणा भारती ने ढाई हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
रेलवे यात्रियों से अपील है कि कंफर्म टिकट दिलाने के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को पैसे न दें और टिकट केवल अधिकृत माध्यमों से ही बुक कराएं।







