2027 विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग का बड़ा एक्शन! उत्तराखंड समेत 5 राज्यों में अधिकारियों के तबादले के निर्देश जारी-Newsnetra
देहरादून। वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोग ने गोवा, मणिपुर, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में चुनाव से जुड़े अधिकारियों के स्थानांतरण एवं तैनाती को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं।
निर्वाचन आयोग की ओर से 27 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार, इन पांच राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल वर्ष 2027 में समाप्त हो रहा है। उत्तराखंड विधानसभा का कार्यकाल 28 मार्च 2027 तक निर्धारित है।
आयोग ने अपनी स्थानांतरण नीति का हवाला देते हुए स्पष्ट किया है कि चुनाव के सीधे संचालन से जुड़े अधिकारियों को उनके गृह जिले में तैनात नहीं रखा जाएगा। ऐसे अधिकारियों को वर्तमान जिले में भी तैनाती जारी रखने की अनुमति नहीं होगी, यदि वे अपने गृह जिले में पदस्थापित हैं।
आयोग ने मुख्य सचिवों और मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों की तैनाती और स्थानांतरण के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।

इन पांच राज्यों में 2027 में होने हैं विधानसभा चुनाव:
- गोवा – 14 मार्च 2027 तक कार्यकाल
- मणिपुर – 13 मार्च 2027 तक कार्यकाल
- पंजाब – 16 मार्च 2027 तक कार्यकाल
- उत्तर प्रदेश – 22 मई 2027 तक कार्यकाल
- उत्तराखंड – 28 मार्च 2027 तक कार्यकाल
चुनाव आयोग के इस कदम को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले प्रशासनिक व्यवस्था को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे उत्तराखंड सहित पांचों राज्यों में चुनावी तैयारियों के बीच प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल देखने को मिल सकता है।







