अगले साल मेघालय में होने वाले 39वें राष्ट्रीय खेलों को लेकर उत्तराखंड में तैयारियां शुरू हो गई हैं। विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा ने विभागीय अधिकारियों और खेल संघों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
अमित सिन्हा ने बताया कि इसी सप्ताह से खिलाड़ियों के लिए विशेष कैंप शुरू किए जाएंगे। राष्ट्रीय पदक तालिका में टॉप-5 में स्थान हासिल करना लक्ष्य है। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज परिसर में विभिन्न खेल संघों के साथ बैठक रखी गई है। बैठक में राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय खेलों में और बेहतर प्रदर्शन कर सकें, इस पर मंथन किया गया।
विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा के मुताबिक राष्ट्रीय खेलों की तैयारी शुरू कर दी गई है, ताकि समय रहते व्यवस्थाओं को पूरा किया जा सके। विभाग का फोकस खेल स्थलों, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, आवश्यक आधारभूत सुविधाओं और आयोजन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को समय रहते तैयार करने पर रहेगा।
उधर, खेल संघों का कहना है कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का बेहतर प्रदर्शन रहा। 39 वें राष्ट्रीय खेलों में भी राज्य के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर सकें, इसे लेकर जल्द से जल्द खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाने चाहिए। खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी की जानी चाहिए।