जिला पंचायत सदस्य के पति से मारपीट का मामला, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत पर FIR दर्ज-Newsnetra
जिला पंचायत सदस्य के पति और नगर पालिका अध्यक्ष के बीच मारपीट के मामले में पुलिस ने नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जिला पंचायत सदस्य के पति जयेंद्र रावत की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
जयेंद्र रावत का आरोप है कि वह काफी समय से नगर पालिका में खड़े कूड़ा वाहनों और अन्य कथित अनियमितताओं का मामला उठा रहे थे। इसी बात को लेकर पालिका अध्यक्ष और उनके साथियों ने उनके साथ मारपीट की। वहीं, पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्होंने किसी के साथ मारपीट नहीं की। उनका कहना है कि जयेंद्र रावत के साथ नगर पालिका में उनके पिछले कार्यकाल के निर्माण कार्यों के भुगतान को लेकर विवाद चल रहा है। भुगतान संबंधी फाइल में अनियमितता मिलने के कारण वह शासन में लंबित है।
प्रभारी कोतवाली निरीक्षक पवन डिमरी ने पालिका अध्यक्ष के खिलाफ तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पालिका अध्यक्ष की ओर से भी जयेंद्र रावत के खिलाफ तहरीर दी गई है, जिस पर जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी







