मनोविज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रो. अरुण कुमार ‘फेलो ऑफ द नैप्स–2026’ सम्मान से अलंकृत, राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया गुरुकुल कांगड़ी विवि का मान-Newsnetra
हरिद्वार, संवाददाता। धर्मनगरी हरिद्वार स्थित प्रतिष्ठित गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अरुण कुमार ने एक बार फिर अपनी विद्वता, दूरदर्शिता और शोध कौशल से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर विश्वविद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन किया है। मनोविज्ञान के क्षेत्र में उनके निरंतर सक्रिय योगदान, असाधारण शैक्षणिक नेतृत्व और उच्च स्तरीय शोध कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रतिष्ठित ‘फेलो ऑफ द नैप्स–2026’ सम्मान से नवाजा गया है।
उल्लेखनीय है कि प्रोफेसर अरुण कुमार मनोविज्ञान जगत की एक जानी-मानी और सम्मानित शख्सियत हैं, जिन्हें इससे पूर्व भी उनके उल्लेखनीय शैक्षणिक एवं सामाजिक सरोकारों के लिए कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से अलंकृत किया जा चुका है। उनके कुशल मार्गदर्शन में विभाग लगातार शोध और नवाचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है, जिससे विद्यार्थियों और शोधार्थियों को निरंतर नई दिशा मिल रही है।


बीते दिनों धर्मनगरी हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय में नेशनल एसोसिएशन ऑफ साइकोलॉजिकल साइंस के तत्वावधान में 12वीं अंतरराष्ट्रीय एवं 14वीं भारतीय मनोवैज्ञानिक विज्ञान संगोष्ठी का भव्य एवं अत्यंत उपयोगी आयोजन किया गया। देश-विदेश के प्रख्यात मनोवैज्ञानिकों और शिक्षाविदों की गरिमामयी उपस्थिति के बीच आयोजित इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में प्रोफेसर अरुण कुमार को उनके दीर्घकालिक और प्रभावशाली योगदान के लिए इस सर्वोच्च सम्मान से विभूषित किया गया।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रोफेसर अरुण कुमार ने संस्था के अध्यक्ष, दिल्ली विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के निदेशक प्रोफेसर डॉ. रोशन लाल दहिया का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डॉ. दहिया के दूरदर्शी नेतृत्व, कुशल निर्देशन और इस ऐतिहासिक शैक्षणिक पहल से देशभर के मनोविज्ञान शोधकर्ताओं को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलेगी। प्रोफेसर अरुण कुमार की इस शानदार उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार, शिक्षाविदों और शोधार्थियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे संस्थान के लिए गौरव का क्षण बताया है







