गांधीग्राम में फलों की बिक्री पर झगड़ा, दो पक्ष आमने-सामने, पुलिस ने कराया शांत-Newsnetra
देहरादून। शहर के गांधीग्राम क्षेत्र में बुधवार शाम फलों की बिक्री को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के साथ झगड़ा शुरू हो गया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि विवाद की सूचना मिलते ही आसपास के दोनों समुदायों के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए, जिससे माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर लक्ष्मण चौक चौकी और कोतवाली नगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।
पुलिस के अनुसार पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की नजर भी बनी हुई है।





