उत्तराखंड में खिलाड़ियों को बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी की पुरस्कार राशि दोगुनी-Newsnetra
उत्तराखंड में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के ओवरऑल विजेता जिले को प्रदान किए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि को पांच से बढ़ाकर दस लाख रुपये कर दिया गया है। सीएम ने इसके प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

नई व्यवस्था के तहत न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 200 से बढ़ाकर 300 रुपये और तृतीय पुरस्कार 150 से बढ़ाकर 200 रुपये किया गया है। विधानसभा स्तर पर प्रथम पुरस्कार 500 से बढ़ाकर 700, द्वितीय 400 से बढ़ाकर 500 और तृतीय 300 से बढ़ाकर 400 रुपये किया गया है। संसदीय क्षेत्र स्तर पर पुरस्कार राशि 800, 600 एवं 400 रुपये से बढ़ाकर क्रमशः 1,000 रुपये, 800 रुपये एवं 600 रुपये एवं राज्य स्तर पर 1,500 रुपये, 1,000 रुपये एवं 700 रुपये से बढ़ाकर क्रमशः 2,000 रुपये, 1,500 रुपये एवं 1,000 रुपये की गई है।
सभी ग्राम पंचायतों में होंगे सीएम खेल क्लब
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब का गठन करने का भी अनुमोदन किया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी खाली भूमि पर मिनी स्टेडियम एवं अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र के निर्माण के लिए संबंधित भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित किए जाने का अनुमोदन किया है







