मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश का असर: देहरादून में मुठभेड़, हत्याकांड के शूटर और सहयोगी गिरफ्तार-Newsnetra
देहरादून। तिब्बती मार्केट के निकट हुए सनसनीखेज हत्याकांड के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देशों का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में पुलिस ने जनपद भर में नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए तड़के सुबह दो बदमाशों को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
शहर से देहात तक सघन चेकिंग अभियान
हत्याकांड के बाद पूरे देहरादून जिले में शहर से लेकर देहात तक पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग और नाकेबंदी की जा रही थी। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी ली जा रही थी। इसी अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली।
लाडपुर जंगल में पहली मुठभेड़
रायपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लाडपुर के जंगल में चेकिंग के दौरान एक बदमाश ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे घेर लिया। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर तत्काल उपचार के लिए कोरोनेशन (कॉरपोरेशन) चिकित्सालय भेजा गया।
लालतप्पर में दूसरी मुठभेड़
दूसरी घटना लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई। चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार एक संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागकर पास की एक खंडर फैक्ट्री में घुस गया और पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है।
SSP पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून चिकित्सालय पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। दोनों आरोपियों का अस्पताल में उपचार जारी है।
हथियार और स्कूटी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों बदमाशों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस द्वारा उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
जांच जारी, और खुलासों की संभावना
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन जांच जारी है और आगे और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। पूरे घटनाक्रम पर उच्च अधिकारियों की नजर बनी हुई है।





