45 सीटें जीतना कांग्रेस का लक्ष्य, मुख्यमंत्री कौन बनेगा फैसला राहुल गांधी करेंगे: हरीश रावत-Newsnetra
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद की दौड़ से जुड़े सवाल पर कहा कि फिलहाल पार्टी का लक्ष्य 45 सीटों का आंकड़ा पार करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को विधानसभा में 45 विधायकों की जरूरत है। इसके बाद मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला पार्टी नेतृत्व और राहुल गांधी करेंगे।
हरीश रावत ने कहा कि पार्टी ने उनकी क्षमताओं के अनुसार उन्हें सरकार और संगठन, दोनों में जिम्मेदारियां दीं। इसके लिए वह पार्टी के आभारी हैं। वह पहले भी इन पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने कहा, अब हमेशा एक ही सिक्का थोड़ी चलेगा। हमारे पास और भी योग्य लोग हैं।
उनके इस बयान को प्रदेश में कांग्रेस के भीतर नेतृत्व और मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। रावत ने अपने बयान में साफ किया कि चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद को लेकर किसी एक नाम पर चर्चा करने के बजाय पार्टी का ध्यान अधिक से अधिक सीटें जीतने पर होना चाहिए। विधायकों के चुने जाने के बाद ही पार्टी नेतृत्व इस संबंध में अंतिम निर्णय लेगा।