अंकिता न्याय यात्रा में भिड़े कांग्रेस के गुट, प्रीतम सिंह ने संभाला मोर्चा-Newsnetra
कांग्रेस की उत्तराखंड न्याय यात्रा के दौरान शुक्रवार को मुख्य बाजार में पार्टी की गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। पंजाब नेशनल बैंक के समीप आयोजित कार्यक्रम में नेताओं के पहुंचते ही समर्थक अपने-अपने नेताओं के पक्ष में नारेबाजी करने लगे। दो गुटों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने से माहौल गरमा गया। चकराता विधायक प्रीतम सिंह के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद यात्रा स्वारना नदी पुल तक निकाली गई।
हरक ने भाजपा पर साधा निशाना, प्रीतम बोले- अंकिता को मिले न्याय
चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि अंकिता भंडारी को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए। न्याय यात्रा उत्तराखंड की बेटियों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ निकाली जा रही है। पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार रावण और कंस की तरह सत्ता के घमंड में चूर है। इतिहास गवाह है कि रावण और कंस का घमंड नहीं टिका, भाजपा नेताओं का घमंड भी चूर-चूर होगा। कांग्रेस नेता आर्येंद्र शर्मा ने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी है। उसे न्याय मिलने तक कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक ज्योत सिंह गुनसोला, ब्लॉक अध्यक्ष अमित पंवार, अशोक नेगी, संजय रावत, संजय उपाध्याय, शेखर सकलानी, पूर्व सैनिक अध्यक्ष आरएस नेगी, गोपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे







