देहरादून में सनसनी: सुबह-सवेरे चली गोली, तिब्बती मार्केट में गोली मारकर गैस एजेंसी मालिक की हत्या-Newsnetra
देहरादून में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब तिब्बती मार्केट के बाहर अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला कोतवाली डालनवाला क्षेत्र का है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह-सवेरे स्कूटी पर सवार दो युवक मौके पर पहुंचे और अचानक फायरिंग कर फरार हो गए। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
सूत्रों के मुताबिक मृतक शहर की एक नामी गैस एजेंसी का मालिक बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटनास्थल पर एसपी सिटी सहित पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम पहुंची। पुलिस ने इलाके को घेरकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
वारदात के बाद शहरभर में अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी चेक पोस्ट पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश और भय का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।





