Dehradun News: दून अस्पताल की लिफ्ट में महिला समेत तीन मरीज आधे घंटे तक फंसे, मची अफरा-तफरी-Newsnetra
देहरादून स्थित दून अस्पताल की ओपीडी भवन में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दूसरी और तीसरी मंजिल के बीच एक लिफ्ट अचानक फंस गई। लिफ्ट में एक महिला समेत तीन मरीज करीब आधे घंटे तक अंदर बंद रहे। तेज गर्मी और घुटन के कारण महिला रोने लगी और बाहर निकालने की गुहार लगाती रही।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10 बजे की है। तीनों मरीज चौथी मंजिल पर डॉक्टर को दिखाने के बाद भूतल पर दवाइयां लेने जा रहे थे। वे स्टाफ द्वारा उपयोग की जाने वाली छोटी लिफ्ट से नीचे आ रहे थे। इसी दौरान गलत बटन दबने के कारण लिफ्ट दूसरी और तीसरी मंजिल के बीच रुक गई।
अंदर फंसे मरीजों ने इमरजेंसी बटन दबाया, जिससे सायरन बजा और अस्पताल कर्मचारियों को घटना की जानकारी मिली। कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। शुरुआत में लिफ्ट फंसने का कारण समझ नहीं आया, जिससे रेस्क्यू में समय लग गया। इस दौरान तेज गर्मी के कारण लिफ्ट के भीतर फंसे लोग लगातार मदद की गुहार लगाते रहे।
आखिरकार दूसरी और तीसरी मंजिल के बीच कर्मचारियों ने स्पेशल चाभी की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोला। अंदर मौजूद मरीजों से कुंडा ऊपर करवाया गया, जिसके बाद दरवाजा खुल सका। जैसे ही दरवाजा खुला, सभी मरीज घबराहट की स्थिति में बाहर निकले।
बताया जा रहा है कि इस दौरान कई बार बिजली आपूर्ति बाधित हुई, जिससे लिफ्ट खोलने में और अधिक समय लग गया। जनरेटर शुरू होने में भी देरी हुई, जिससे तकनीकी टीम को अतिरिक्त कठिनाई का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि दून अस्पताल में लिफ्ट फंसने की यह पहली घटना नहीं है। पिछले वर्ष 23 दिसंबर को इसी ओपीडी भवन की लिफ्ट में 12 लोग लगभग 20 मिनट तक फंसे रहे थे। इसके अलावा वर्ष 2020 में भी दो अलग-अलग घटनाओं में कई लोग लिफ्ट में फंस चुके हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने अस्पताल की लिफ्ट व्यवस्था और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





