डोईवाला पुलिस ने मंदिर चोरी का किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद-Newsnetra
देहरादून। डोईवाला पुलिस ने शिव मंदिर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 10 जून 2026 को शुगर मिल डोईवाला निवासी गुरुप्रसाद ममगाई ने कोतवाली डोईवाला में शिकायत दर्ज कराई थी कि मिल रोड स्थित शिव मंदिर से अज्ञात चोर पंचमुखी दीपक, प्रधान दीपक, कलश, जलेरी, नाग, आचमनी गिलास, घंटी तथा विष्णु-लक्ष्मी की अष्टधातु की मूर्ति चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत प्रभारी निरीक्षक डोईवाला ने घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की। टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए 11 जून 2026 को सौंग नदी पुराने पुल के पास से छोटू उर्फ ढापली (20 वर्ष) निवासी चांदमारी, डोईवाला को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए उसने मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। वह चोरी किए गए सामान को बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए सभी सामान, जिनमें पंचमुखी दीपक, प्रधान दीपक, कलश, जलेरी, नाग, आचमनी गिलास, घंटी और विष्णु-लक्ष्मी की अष्टधातु की मूर्ति शामिल हैं, बरामद कर लिए हैं।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रघुवीर कपरवाण, हेड कांस्टेबल सुधीर सैनी और कांस्टेबल वीर सिंह शामिल रहे।





