पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने ठाण्डी के प्रसिद्ध ‘भेडू कु थौलू’ मेले में बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत-Newsnetra
आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति के अद्भुत संगम का साक्षी बना त्रिवार्षिक भेड़ मेला
उत्तरकाशी। गाजणा क्षेत्र के ग्राम ठाण्डी के बोलियाधार में आयोजित प्रसिद्ध त्रिवार्षिक ‘भेडू कु थौलू’ मेले के दूसरे दिन पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ग्राम के ईष्ट देवता चंदनी नाग एवं बौल्य महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीपार्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।


भारी बारिश के बावजूद मेले में श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बना। लोक कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक गीत-संगीत और लोक परंपराओं की मनमोहक छटा बिखेरी। मेले में स्थानीय संस्कृति और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने कहा कि ‘भेडू कु थौलू’ केवल एक मेला नहीं, बल्कि हमारी सदियों पुरानी लोक आस्था, धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। ऐसे आयोजन हमारी नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और पहाड़ की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
उन्होंने इस भव्य एवं सफल आयोजन के लिए त्रिवार्षिक भेड़ मेला समिति तथा ग्राम ठाण्डी, जालंग, कमद, कुमारकोट, बागी, भड़कोट एवं सटियालीधार के समस्त ग्रामीणों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नत्थी लाल शाह, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री जयवीर चौहान, जिला पंचायत प्रतिनिधि श्री राय सिंह रावत, श्री देवेंद्र नाथ, ज्येष्ठ प्रमुख भटवाड़ी प्रतिनिधि श्री कमलेश कुमार, जिला मीडिया प्रभारी श्री राजेंद्र गंगाड़ी, ग्राम प्रधान ठाण्डी श्रीमती मंगशिरी देवी, ग्राम प्रधान जालंग श्रीमती गीता देवी, ग्राम प्रधान कमद श्री भरत चौहान, क्षेत्र पंचायत एवं ज्येष्ठ प्रमुख डुंडा प्रतिनिधि श्री अब्बल सिंह पंवार, क्षेत्र पंचायत कमद श्री यशवंत नेगी, श्री गंगा विष्णु, श्री भरत सिंह राणा सहित मेला अध्यक्ष श्री सुंदर सिंह राणा, उपाध्यक्ष श्री अतर सिंह रावत, कोषाध्यक्ष श्री मालचंद राणा, सचिव श्री प्रवेश बिष्ट तथा क्षेत्र के अन्य सम्मानित जनप्रतिनिधि, देवभक्त एवं श्रद्धालु ग्रामीण उपस्थित रहे।





