देहरादून में दिनदहाड़े खौफनाक हत्या: घर में घुसकर युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार, आरोपी मौके पर दबोचा-Newsnetra
राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
देहरा खास स्थित ऋषि एन्क्लेव में एक युवक की घर के अंदर घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान दीपक गुप्ता के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
चीख-पुकार सुन दौड़े परिजन
जानकारी के अनुसार, वारदात के दौरान कमरे से तेज चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं।
शोर सुनकर परिजन तुरंत कमरे की ओर दौड़े। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। दीपक गुप्ता खून से लथपथ फर्श पर पड़े थे, जबकि एक युवक के हाथ में चाकू था।
परिजनों ने तत्काल आरोपी को काबू में कर लिया और पुलिस के पहुंचने तक उसे अपने कब्जे में रखा। सूचना मिलते ही पटेलनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और फोरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। पुलिस हत्या के कारणों और घटना के पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है।
लेनदेन के विवाद में हत्या की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक दीपक गुप्ता ब्याज पर रुपये देने का काम करता था।
आशंका जताई जा रही है कि पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के चलते आरोपी ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या के पीछे की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है





