देहरादून मेडिकल कॉलेज को मिली बड़ी सौगात! 12 बेड का कार्डियोलॉजी विंग और नया इमरजेंसी वार्ड शुरू-Newsnetra
देहरादून से बड़ी खबर: राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय को मिली बड़ी सौगात….
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने किया 12 बेड के कार्डियोलॉजी विंग और इमरजेंसी वार्ड का लोकार्पण।
MCH यूरोलॉजी कोर्स शुरू करने वाला राज्य का पहला मेडिकल कॉलेज बना।
हृदय रोगियों एवं गंभीर मरीजों को मिलेगी बेहतर, त्वरित और उन्नत चिकित्सा सुविधा।
देहरादून
संवाददाता -: जसपाल राणा
उत्तराखंड : देहरादून -: राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय, देहरादून में शनिवार को 12 बेड के नवनिर्मित कार्डियोलॉजी विंग एवं नवीन इमरजेंसी मेडिसिन वार्ड का लोकार्पण चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
इन नई सुविधाओं के शुरू होने से हृदय रोगियों तथा गंभीर एवं आपातकालीन मरीजों को बेहतर, त्वरित और उन्नत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा उपचार क्षमता और अधिक सुदृढ़ होगी।




सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल।
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए राज्य के प्रथम मेडिकल कॉलेज के रूप में सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रम प्रारंभ किया है।
इसी क्रम में आज MCH Urology सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रम के प्रथम दो अभ्यर्थियों डॉ. विशाल सिंह एवं डॉ. इकबाल अली को प्रवेश/ज्वाइनिंग पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि यह उपलब्धि सम्पूर्ण उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों के प्रारंभ होने से प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा मिलेगी और भविष्य में जटिल एवं गंभीर रोगों के उपचार के लिए राज्य में ही उच्च स्तरीय विशेषज्ञ सेवाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा।
विभागाध्यक्ष एवं निदेशक, चिकित्सा शिक्षा प्रो. (डॉ.) आशुतोष सयाना ने कहा कि संस्थान में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के विस्तार, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार, चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर निरंतर कार्य किया जा रहा है।





