देवल गांव पहुंचे सांसद चंद्रशेखर आजाद, केतन के परिजनों से मिल बोले- “न्याय की लड़ाई सड़क से संसद तक लड़ेंगे”-Newsnetra
नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद मंगलवार शाम कड़ी सुरक्षा के साथ प्रतापनगर क्षेत्र के देवल गांव पहुंचे। यहां उन्होंने कुछ दिन पूर्व हुई केतन की मौत के मामले में शोक व्यक्त किया और परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सांसद चंद्रशेखर आजाद के देवल गांव पहुंचते ही परिजनों ने उनके सामने अपनी पीड़ा और आपबीती साझा की। इससे पूर्व 18 जून काे सांसद चंद्रशेखर आजाद उनसे मिलने आ रहे थे, लेकिन उन्हें हरिद्वार में रोक दिया गया था। बाद में प्रशासन की ओर से 30 जून को मुलाकात का समय निर्धारित किया गया, जिसके अनुसार शासन-प्रशासन की निगरानी और कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच सांसद देवल गांव पहुंचे। उन्होंने केतन के पिता धनपाल लाल से घटना की विस्तृत जानकारी ली।
परिजनों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ हर समय मजबूती से खड़े हैं और आगे भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि केतन के साथ जिस प्रकार की घटना हुई वह अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। उत्तराखंड की शांत वादियों में इस प्रकार की घटनाएं किसी भी कीमत पर नहीं होनी चाहिए
सांसद ने परिवार को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह न्याय की इस लड़ाई को सड़क से लेकर संसद तक पूरी मजबूती के साथ उठाएंगे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए लड़ाई लडेंगे।
मुलाकात के दौरान परिजनों ने घटना से जुड़ी पूरी आपबीती सांसद को बताई जिसे सुनकर वह भावुक हो गए उन्होंने परिवार को धैर्य रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि न्याय मिलने तक उनकी आवाज बुलंद करते रहेंगे।
सांसद के दौरे को देखते हुए देवल गांव और आसपास के क्षेत्र में पुलिस एवं प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी जिससे पूरे कार्यक्रम के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रही