देहरादून में लगातार भारी बारिश के बीच पुलिस हाई अलर्ट पर, SSP खुद कर रहे मॉनिटरिंग; नदी-नालों से लोगों को हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा-Newsnetra
देहरादून और प्रदेश के पहाड़ी जनपदों में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं और स्वयं भी हालात की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
भारी वर्षा के मद्देनज़र जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस की अलग-अलग टीमें संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त कर रही हैं। नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और अन्य जोखिम वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
रात से ही पुलिस टीमें नदी और नालों के किनारे लगातार भ्रमण कर रही हैं। लाउड हेलर के माध्यम से लोगों को लगातार चेतावनी दी जा रही है कि वे बढ़ते जलस्तर के कारण नदी-नालों के आसपास न जाएं और किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं।
पुलिस द्वारा नदी किनारे स्थित संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को हटाकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। साथ ही स्थानीय नागरिकों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील भी की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और अन्य राहत एजेंसियां पूरी तरह तैयार हैं तथा हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।





