स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता बेहाल, जलभराव और बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस का हल्ला बोल-Newsnetra
देहरादून, 25 अगस्त 2026। देहरादून में स्मार्ट सिटी परियोजना के नाम पर किए जा रहे कार्यों की धीमी गति और अव्यवस्थाओं के कारण आम जनता को हो रही परेशानियों के खिलाफ आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव एवं युवा नेता रितेश छेत्री के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट सिटी कार्यालय में हल्ला बोल किया।
बरसात के मौसम में देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव, खराब ड्रेनेज सिस्टम, बंद एवं क्षतिग्रस्त नालियों तथा बदहाल सड़कों ने आम जनता की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर वर्षों से निर्माण और खुदाई का काम चल रहा है, लेकिन इसका वास्तविक लाभ जनता को मिलने के बजाय जगह-जगह अव्यवस्था और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस संबंध में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, स्मार्ट सिटी कार्यालय, कोलागढ़ को ज्ञापन सौंपकर जनसमस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की गई। ज्ञापन में विशेष रूप से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत एवं पुनर्निर्माण, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान, समुचित ड्रेनेज व्यवस्था, नालियों की नियमित सफाई एवं क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत, बंद एवं जाम नालियों की सफाई, खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की गई।
कांग्रेस ने स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करने तथा अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने की भी मांग की। साथ ही, स्मार्ट सिटी के निर्माण कार्यों के कारण यातायात एवं आवागमन में उत्पन्न हो रही परेशानियों को दूर करते हुए जनता के लिए सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और क्षतिग्रस्त सार्वजनिक सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त करने की मांग उठाई गई।
प्रदेश सचिव रितेश छेत्री ने कहा कि “स्मार्ट सिटी का उद्देश्य जनता को स्मार्ट और बेहतर सुविधाएं देना था, लेकिन आज देहरादून की जनता जलभराव, जाम नालियों, टूटी सड़कों और अव्यवस्थित निर्माण कार्यों से परेशान है। बरसात में शहर की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। सरकार और संबंधित विभाग केवल कागजों में स्मार्ट सिटी बनाने के बजाय जमीन पर जनता को राहत देने का काम करें।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी और यदि इन समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता जनहित में आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे।
ज्ञापन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से जनसमस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कर समयबद्ध एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया, ताकि देहरादून की जनता को स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के नाम पर हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से
लाल चंद शर्मा
संजय शर्मा
वीरेंद्र पोखरियाल
गरिमा दसौनी
राजीव पुंज
प्रदीप जोशी
आनंद बहुगुणा
अनिल नेगी
दीप वोहरा
स्वाति नेगी
प्रमोद गुप्ता
राजेश शर्मा
अनिल नेगी
पीयूष जोशी
अनिल बस्नेत
राजेंद्र धवन
विजय शाही
सतीश कुमार
पिया थापा
नितिन रावत इत्यादि शामिल रहे।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी





