चमोली के नारायणबगड़ में बारिश बनी आफत, उफनाए बरसाती नाले, बाजार और राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभावित-Newsnetra
नारायणबगड़ में सोमवार देर शाम अचानक हुई मूसलाधार बारिश ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाई। शाम साढ़े सात बजे से महज एक घंटे की बारिश से बाजार से सटे बरसाती नाले उफान पर आ गए। इसके चलते जीत सिंह मार्केट और अस्पताल परिसर के पास सिमली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया।
जलभराव के कारण पानी कई दुकानों में घुस गया। इससे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। लोग आनन-फानन में बाजार में खड़े अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाते नजर आए। मार्ग बंद होने और जलभराव से स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल बना रहा। बीआरओ के अभियंता आरके सिंह ने बताया कि स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। हाईवे और बाजार से मलबा हटाने के लिए तुरंत जेसीबी मशीनें मौके पर भेज दी गई हैं, ताकि आवाजाही जल्द बहाल की जा सके





