रेखा आर्या प्रकरण: गिरधारी लाल साहू से 3 दिन पूछताछ की तैयारी, पुलिस मांगेगी पीसीआर-Newsnetra
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या प्रकरण में पुलिस गिरधारी लाल साहू से पूछताछ के लिए तीन दिन की पीसीआर लेने की तैयारी में है। रिमांड मिलने पर एसआईटी आरोपी से कंपनियों के दस्तावेजों में छेड़छाड़, फर्जी हस्ताक्षरों और निदेशक पद से हटाने की पूरी प्रक्रिया के बारे में पूछताछ करेगी। साथ ही मंत्री रेखा आर्या की ओर से लगाए गए अन्य आरोपों पर जवाब तलाशे जाएंगे।
रेखा आर्या ने 15 अक्तूबर को कैंट थाने में पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें मारपीट, धोखाधड़ी, धमकी, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल और फर्जी दस्तावेज तैयार कर चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाने समेत कई आरोप लगाए गए थे। मामले की जांच के लिए एसएसपी ने एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की थी। जांच के दौरान पुलिस ने कंपनियों से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की। पांच कंपनियों से संबंधित कुछ दस्तावेजों की फोटोकॉपी भी मिली, लेकिन मूल दस्तावेज की अब भी तलाश हो रही है
लंबे समय तक फरार रहने के बाद एसआईटी ने छह नवंबर को गिरधारी लाल साहू को झांसी से गिरफ्तार किया था। उसके भतीजे सतेंद्र राठौर को बरेली से पकड़ा गया था। फिलहाल गिरधारी न्यायिक अभिरक्षा में है। एसआईटी कंपनियों के आयकर रिटर्न और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी खंगाल रही है।
वहीं, वायरल ऑडियो की सत्यता जांचने के लिए गिरधारी के वॉयस सैंपल लेने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। पुलिस अब रिमांड पर पूछताछ के जरिये दस्तावेजों में कथित हेरफेर की कड़ियां जोड़ने और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट करने की तैयारी में है।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि फिलहाल टीम गिरधारी की पुलिस कस्टडी रिमांड लेने की तैयारी कर रही है। अदालत से मंजूरी मिलने पर प्रकरण से जुड़े कई सवालों के जवाब तलाशे जाएंगे।
गिरधारी के जमानत लेने की चर्चाएं
एक तरफ पुलिस पूछताछ के लिए पीसीआर लेने की तैयारी कर रही है दूसरी तरफ गिरधारी के जमानत के प्रयासों की चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों की मानें तो गिरधारी के कुछ करीबियों ने देहरादून में डेरा डाल रखा है। जल्द ही जमानत याचिका दायर की जा सकती है।