रिखणीखाल हादसा: खाई से निकाले गए 7 शव, अस्पताल में एक महिला की मौत, दो घायलों को एयरलिफ्ट किया-Newsnetra
पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास एक इको वैन अनियंत्रित होकर करीब 300 फुट गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में चालक समेत 13 लोग सवार थे। हादसे में आठ लोगों की जान चली गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। मृतकों में सात महिलाएं और वाहन चालक शामिल हैं। सभी महिलाएं भंगलवाड़ गांव की रहने वाली थीं और स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को महिलाएं सिद्धखाल बाजार में स्वयं सहायता समूह की बैठक और अन्य जरूरी काम निपटाने गई थीं। इसके बाद सभी इको वैन से अपने गांव भंगलवाड़ लौट रही थीं। रास्ते में कलवाड़ी के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हुआ और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी
सूचना मिलते ही रिखणीखाल पुलिस, राजस्व पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। एसडीएम लैंसडौन शालिनी मौर्य और एएसपी मनोज ठाकुर भी घटनास्थल पर पहुंचे।

स्थानीय लोगों की मदद से खाई में राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद चार घायलों को बाहर निकाला गया। वहीं, वाहन चालक समेत सात लोगों के शव घटनास्थल से निकाल लिए गए। घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल शकुंतला देवी और एक अन्य घायल को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया है।






