अखंड परमधाम में सन्यास जयंती समारोह का शुभारंभ, सीएम धामी ने चारधाम यात्रा शुरू होने और महिला आरक्षण पर दिया बड़ा बयान-Newsnetra
अखंड परमधाम में युग पुरुष स्वामी परमानंद महाराज के 71 वें सन्यास जयंती समारोह का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान कार्यक्रम में देश के कई बड़े संत मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि आज शुभ मुहूर्त में गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट विधिवत खोल दिए गए हैं, जिसके साथ ही चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो चुका है। श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
उन्होंने महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार देश की महिलाओं को उनका अधिकार देने की दिशा में ठोस और ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला लिया गया, लेकिन कुछ राजनीतिक दलों ने इसका विरोध कर अपनी संकीर्ण सोच को उजागर कर दिया।
सीएम धामी ने कहा कि जो पार्टियां दशकों तक सत्ता में रहीं, उन्होंने कभी महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए। अब जब केंद्र सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से यह ऐतिहासिक कदम उठाया है, तो विरोध करने वाली पार्टियों का असली चेहरा देश के सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है और आने वाले समय में इसका सकारात्मक असर देश की राजनीति और समाज दोनों में साफ देखने को मिलेगा।





