9 साल बाद श्रीनगर को मिली सिटी बस सेवा! मुख्यमंत्री धामी ने 9.13 करोड़ की 9 विकास योजनाओं की दी सौगात-Newsnetra
श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को श्रीनगर के श्रीयंत्र टापू में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सड़कों पर उमड़े। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को 9.13 करोड़ रुपये की 9 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शहर में लंबे समय से प्रतीक्षित सिटी बस सेवा का शुभारंभ भी किया। इसके साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि वितरित करने के साथ पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट प्रदान की

नौ साल बाद श्रीनगर में शुरू हुई सिटी बस सेवा
श्रीनगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने करीब नौ साल बाद शहर में सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पार्षदों से भरी सिटी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस सेवा से शहर के भीतर आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलने के साथ पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को प्रोत्साहन मिलेगा।
महिला स्वयं सहायता समूहों को मिली प्रोत्साहन राशि
कार्यक्रम में ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ पहल के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक प्रोत्साहन दिया गया। मुख्यमंत्री ने समूहों की महिलाओं को 2,01,530 रुपये का चेक वितरित किया। इसका उद्देश्य महिलाओं की आजीविका को मजबूत करना और उन्हें स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है।
वहीं, मुख्यमंत्री ने 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट भी प्रदान की।
कचरा प्रबंधन से लेकर पार्कों के सौंदर्यीकरण तक कई कार्य
मुख्यमंत्री ने नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पार्क), सड़क एवं नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क और अन्य पार्कों का सौंदर्यीकरण शामिल है।
इन परियोजनाओं के माध्यम से शहर की स्वच्छता व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और बुनियादी नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
ऑल वेदर रोड और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का किया जिक्र
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश को विकास, सुशासन और समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। पौड़ी जिले में भी करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने चारधाम यात्रा में हो रही बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए कहा कि इसका सीधा लाभ स्थानीय निवासियों को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि चारों धामों को ऑल वेदर रोड से जोड़ा गया है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस रेल मार्ग पर श्रीनगर में भी स्टेशन प्रस्तावित है, जिससे क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
सरदार पटेल के योगदान को किया याद
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव रखी थी। उनका संकल्प एक ऐसे सशक्त राष्ट्र का निर्माण करना था, जहां राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता सर्वोपरि हो।
विद्यार्थियों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, बच्चों से किया संवाद
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान विद्यार्थियों के साथ उनका संवाद भी चर्चा का विषय रहा। कॉलेज गेट के समीप बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री अपने वाहन से नीचे उतरे और उनके बीच पहुंचकर बातचीत की। उन्होंने बच्चों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर विद्यार्थी उत्साहित नजर आए







