देहरादून में स्वर्गीय जसपाल राणा की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा और विशाल भंडारे का आयोजन, सैकड़ों लोगों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि-Newsnetra
स्व. जसपाल राणा की जयंती पर विशाल भंडारे एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
देहरादून, 28 जून 2026।
शास्त्री नगर, देहरादून स्थित सत्यनारायण सेवाधाम (वार्ड-55) में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त निशानेबाज एवं पद्मश्री से सम्मानित स्वर्गीय जसपाल राणा के जन्मदिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन संरक्षक आशुतोष कुमार की अध्यक्षता तथा एच. के. पेटवाल (संस्थापक, सेवाधाम) के संचालन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्व. जसपाल राणा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई तथा उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्व. जसपाल राणा के जीवन और योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पिस्टल शूटिंग के क्षेत्र में देश का गौरव बढ़ाया तथा अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक सहित कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। उनका संघर्ष, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण युवाओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। शिक्षा, खेल और समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को भी वक्ताओं ने स्मरण किया।
इस अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में लगभग 300 से 350 श्रद्धालुओं, जिनमें बच्चे, मातृशक्ति एवं वरिष्ठ नागरिक शामिल थे, ने भाग लिया। सभी ने भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना में सहभागिता करते हुए भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से गोपाल दत्त सुयाल, मनोज बहुगुणा, मनोज पंवार, जे. के. परवान, पार्षद, राकेश पंडित, समिति रतूड़ी, अंबिका सजवाण, शशिकांत, लक्ष्मी दत्त कोठारी, पूनम थपलियाल, बृज शुक्ला, गिरिजा समवाल, लाजवंती, कृष्णा चौहान, पूनम रावत, निर्मला डेंगवाल, ओमप्रकाश रतूड़ा, पंडित अंकुश बड़ोनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अंत में उपस्थित सभी लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे स्वर्गीय जसपाल राणा की पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा उनके शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।





