देहरादून चिड़ियाघर में आया सफेद बाघ ‘तेजस’, CM धामी ने किया बाड़े का लोकार्पण, पर्यटकों को मिलेगी नई सौगात-Newsnetra
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण किया। उन्होंने बाघ को पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा। यहां आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों को देखने का नया अनुभव मिलेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश के अधिक वन क्षेत्र वाले प्रमुख राज्यों में शामिल है। यहां की वन संपदा और जैव विविधता महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन्यजीवों को बचाने के साथ ही नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी जरूरी है। देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का केंद्र है चिड़ियाघर
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र नहीं है, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम भी है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, वनों की जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि पहले चिड़ियाघर में बच्चों के लिए निशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी। इसका सकारात्मक असर देखने को मिला है। इस पहल से बच्चों को वन्यजीवों के बारे में जानने और प्रकृति व पर्यावरण से उनके संबंध को समझने का मौका मिला है
कॉलेज के विद्यार्थियों को भी मिलेगी निशुल्क प्रवेश की सुविधा
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण से जुड़े विषयों की व्यावहारिक जानकारी मिल सकेगी। साथ ही युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। वे भविष्य में राज्य और देश के विकास के साथ प्रकृति के संरक्षण में भी योगदान दे सकेंगे।







