ग्राम सभा कैंच्छू में योग एवं ध्यान शिविर का आयोजन, ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग-Newsnetra
दि० 15/02/2026।
आज ग्राम सभा कैंच्छू, कमान्द टि. ग. में योग एवं ध्यान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध योगाचार्य देवेश चंद्र द्वारा किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः कालीन प्रार्थना एवं संक्षिप्त परिचय के साथ हुई। योगाचार्य देवेश चंद्र ने उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक तनाव, चिंता और अनेक रोगों से भी मुक्ति मिलती है।

शिविर में मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री प्रेम सिंह रावत जी, ग्राम प्रधान श्रीमती बवीता महर, श्री घूरक सिंह सिनवाल, कलम सिंह रावत सहित समस्त ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक योग क्रियाओं में भाग लिया और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

ग्राम प्रधान श्रीमती बवीता महर ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम ग्राम स्तर पर समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए, जिससे गांव के लोग स्वस्थ एवं जागरूक समाज की ओर अग्रसर हों। मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री प्रेम सिंह रावत जी ने भी योगाचार्य देवेश चंद्र का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग हमारी प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे अपनाकर हम स्वस्थ और संतुलित जीवन जी सकते हैं।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक ध्यान एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। ग्रामवासियों ने भविष्य में भी ऐसे शिविरों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।
इस प्रकार ग्राम सभा कैंच्छू में आयोजित योग एवं ध्यान शिविर ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामुदायिक एकता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





