पौड़ी गढ़वाल: चट्टान से गदेरे में गिरकर शिक्षक की मौत, राजकीय प्राथमिक विद्यालय बनाणी में थे नियुक्त-Newsnetra
पौड़ी गढ़वाल में एक शिक्षक की चट्टान से नीचे गदेरे में गिरने से मौत हो गई। । मृतक की पहचान राजकीय प्राथमिक विद्यालय बनाणी में नियुक्त अध्यापक के रूप में हुई।
पौड़ी गढ़वाल के ग्राम बनाणी ग्रामसभा मंझोली पट्टी ढाईज्यूली में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक व्यक्ति चट्टान से नीचे गदेरे में गिर गया। सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस टीम ने गदेरे से व्यक्ति को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान राजकीय प्राथमिक विद्यालय बनाणी में नियुक्त अध्यापक देवेन्द्र लाल (44 वर्ष) पुत्र पानू लाल, निवासी ग्राम कंडारा, विकासखंड अगस्तमुनि, के रूप में हुई।
घटना की सूचना मृतक के परिजनों और विद्यालय के प्रधानाचार्य को दी गई। पुलिस ने पंचनामा भरने की कार्यवाही शुरू कर दी है। इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है।





