छत पर सोलर लगाने वालों को झटका: सरप्लस बिजली अब 2 रुपये प्रति यूनिट खरीदेगा यूपीसीएल, नई दरें अगस्त 2025 से लागू-Newsnetra
प्रदेश में छत पर सोलर लगाने वालों को झटका लगा है। सरप्लस बिजली अब दो रुपये ली जाएगी। यूपीसीएल ने नियामक आयोग के आदेश के क्रम में नई दरें लागू की गई है। खपत से ऊपर की ग्रिड में जाने वाली बिजली के दाम अगस्त 2025 से लागू किए गए हैं।
छतों पर सोलर रूफटॉप लगाने वाले उपभोक्ताओं की सरप्लस बिजली अब यूपीसीएल दो रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से खरीदेगा। अभी तक इसके लिए कोई नियम नहीं था लेकिन नियामक आयोग के आदेश के क्रम में यूपीसीएल ने यह दरें लागू की हैं।
यूपीसीएल ने नेट मीटरिंग के तहत ग्रिड को दी जाने वाली अतिरिक्त बिजली की दरों में यह बदलाव किया है। यूपीसीएल के मुख्य अभियंता (वाणिज्यिक) एनएस बिष्ट की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि यह नई दो रुपये प्रति यूनिट की दर उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग के 20 अगस्त 2025 के आदेश के क्रम में लागू की गई है। आयोग ने वित्त वर्ष 2025-26 और उसके बाद स्थापित होने वाले सोलर पीवी प्लांट्स के लिए बेंचमार्क कैपिटल कॉस्ट की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया था।





