हुड़दंगियों पर सख्त एक्शन: एसएसपी दून खुद उतरे मैदान में, देर रात तक चला सघन चेकिंग अभियान-Newsnetra
देहरादून। शहर में बढ़ती हुड़दंग और अव्यवस्था की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए देहरादून पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। इसी क्रम में देहरादून पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) स्वयं टीम के साथ मैदान में उतरे और नगर क्षेत्र में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान की कमान संभाली।
एसएसपी ने मौके पर मौजूद रहकर विभिन्न पुलिस टीमों को ब्रीफ किया और स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अभियान के तहत पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में गहन जांच की।
इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के ठिकानों पर औचक छापेमारी की गई। साथ ही, निर्धारित समय सीमा के बाद संचालित हो रहे बार और रेस्टोरेंट्स के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने चालान और अन्य वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस का यह विशेष अभियान देर रात तक जारी रहा, जिससे शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति पुलिस की गंभीरता साफ नजर आई। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके





